– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – यहां के खेड़ा क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ और उत्पीड़न के मामले को लेकर विधायक शिव अरोरा ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने शनिवार को रम्पुरा पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की जानकारी ली तथा पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार का आरोप है कि दो युवक पिछले कुछ समय से नाबालिग छात्रा का पीछा कर रहे थे और उसे लगातार परेशान कर रहे थे। परिवार का यह भी आरोप है कि युवकों ने छात्रा को बहला-फुसलाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की।

मामला विधायक शिव अरोरा के संज्ञान में आने पर उन्होंने तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।
रम्पुरा चौकी पहुंचकर विधायक ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर दोषियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को महिलाओं और बेटियों के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों से भी ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने की अपील की। पुलिस के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




















