– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – नालंदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पदग्रहण समारोह बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस समारोह का उद्देश्य नवीन छात्र परिषद के सदस्यों को औपचारिक रूप से उनके पदों की जिम्मेदारी सौंपना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय की निदेशिका डॉ. मृदुला किशोर एवं निदेशक डॉ. राहुल किशोर ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके पश्चात प्रधानाचार्य डॉ. बृजेश कुमार दुबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ईमानदारी, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें अपने दायित्वों का समर्पण एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। छात्र परिषद में हेड बॉय – वरुण छाबड़ा (कक्षा XII विज्ञान), डिप्टी हेड बॉय – महिपाल एस. धनक (कक्षा XI वाणिज्य), हेड गर्ल – करमप्रीत कौर (कक्षा XII वाणिज्य), डिप्टी हेड गर्ल – कांता कोहली (कक्षा XI वाणिज्य), स्कूल कैप्टन – मेहुल भारती (कक्षा XII विज्ञान), स्पोर्ट्स कैप्टन (बॉय) – आशुक (कक्षा XII वाणिज्य), स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन (बॉय) – हर्षित बिष्ट (कक्षा XI विज्ञान), स्पोर्ट्स कैप्टन (गर्ल) – बबीता अधिकारी (कक्षा XII विज्ञान) तथा स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन (गर्ल) – अंशु शर्मा (कक्षा XI विज्ञान) को उनके पदों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
विद्यालय के छात्र नेताओं को बैज एवं सैश प्रदान किए गए, जिस पर उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल नेतृत्व की कामना की।
विद्यालय प्रशासन ने सभी छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे विद्यालय के मूल्यों एवं अनुशासन को बनाए रखते हुए अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।
समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा विद्यालय के प्रति सेवा, समर्पण एवं जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करने वाला रहा।




















