इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – उत्तराखंड की मेधावी छात्रा प्राची मटेला ने बोर्ड परीक्षा में 98.6% अंक हासिल कर ऊधम सिंह नगर में टॉप और पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त कर देवभूमि का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की ओर से उनके आवास पहुंचकर विशेष सम्मान किया गया।
फाउंडेशन की फाउंडर ममता पांडे और दीपक पांडे ने प्राची को स्मृति चिह्न, पुष्प गुच्छ और सम्मान वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने प्राची की सफलता को उनके परिवार के संघर्ष, गुरुजनों के मार्गदर्शन और कठिन मेहनत का परिणाम बताया।
प्राची ने बताया कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के स्वयं पढ़ाई कर यह सफलता हासिल की। वह नियमित रूप से नोट्स बनाकर अभ्यास करती थीं और देर रात तक पढ़ाई कर अपनी तैयारी मजबूत करती थीं।
फाउंडेशन ने कहा कि वह भविष्य में भी ऐसे प्रतिभावान और जरूरतमंद बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य करता रहेगा, ताकि कोई भी प्रतिभा संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रह जाए।




















