
| इंडिया नज़र ब्यूरोभीमताल – उत्तराखंड के भीमताल से कल देर शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां जंगल से निकलकर सड़क पर आए एक तेंदुआ की चलती बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में गुलदार घायल हो गया, जबकि बाइक सवार युवक बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार घटना खुटानी क्षेत्र के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार युवक सड़क से गुजर रहा था, तभी अचानक झाड़ियों की ओर से एक तेंदुआ सड़क पर आ गया और सीधे बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि तेंदुए का पैर बाइक में फंस गया।

अचानक सामने तेंदुए को देखकर युवक घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए पास की एक दुकान में घुस गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायल तेंदुए को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वन विभाग की टीम ने ट्रैंकुलाइज़र गन से तेंदुए को बेहोश कर सुरक्षित तरीके से कब्जे में लिया, जिसके बाद उसे बाइक से मुक्त कराया गया।
घायल तेंदुए को उपचार के लिए रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे दोबारा जंगल में छोड़ा जाएगा।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जंगलों के आसपास बढ़ती मानवीय गतिविधियों और भोजन की तलाश में जंगली जानवर आबादी की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात के समय सुनसान रास्तों पर सावधानी बरतें, अकेले बाहर न निकलें और किसी भी जंगली जानवर के दिखने पर तुरंत सूचना दें।




















