| इंडिया नज़र ब्यूरो,देहरादून/किच्छा – विधायक तिलक राज बेहड़ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर पंतनगर क्षेत्र से जुड़ी जनसमस्याओं को प्रमुखता से उनके समक्ष रखा। मुलाकात के दौरान उन्होंने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण की आड़ में स्थानीय कॉलोनियों को उजाड़े जाने का गंभीर मुद्दा उठाया।
विधायक बेहड़ ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार योजना के चलते संजय कॉलोनी, मस्जिद कॉलोनी और वाल्मीकि कॉलोनी के लगभग 600 परिवारों पर विस्थापन का खतरा मंडरा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा क्षेत्रवासियों को नोटिस जारी किए जाने से लोगों में भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने मांग की कि जब तक प्रभावित परिवारों के लिए ठोस पुनर्वास योजना तैयार नहीं होती, तब तक किसी भी परिवार को हटाने की कार्रवाई न की जाए और उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय प्रशासन से वार्ता कर जल्दबाजी में किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए न्यायसंगत समाधान निकाला जाएगा।
इसके अलावा विधायक बेहड़ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने राज्य स्तर पर मानदेय वृद्धि, केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने, सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये आर्थिक सहायता, अनावश्यक कटौतियों की समाप्ति तथा बायोमेट्रिक प्रणाली से न जोड़ने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि इस विषय में सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा, ताकि मातृ एवं शिशु कल्याण कार्यों से जुड़े कर्मियों को राहत मिल सके।





















