| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – उत्तराखंड सरकार में ग्रामीण विकास एवं लघु, सूक्ष्म उद्यम विभाग के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी के रुद्रपुर आगमन पर विधायक शिव अरोरा के आवास पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र भेंट कर मंत्री का अभिनंदन किया।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी तीन दिवसीय कुमाऊं दौरे के तहत रुद्रपुर पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने अपने प्रभारी जनपद चम्पावत का भ्रमण कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

मीडिया से बातचीत में मंत्री चौधरी ने कहा कि उन्हें सरकार द्वारा जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे। उन्होंने बताया कि उनके विभाग के माध्यम से ग्रामीण विकास को गति देने, छोटे और सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देने तथा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनाकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए प्रदेश के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से वे लगातार विभिन्न जनपदों का दौरा कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।
वहीं, विधायक शिव अरोरा ने मंत्री भरत सिंह चौधरी के रुद्रपुर में पहली बार आगमन पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि वे भाजपा के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं। उनके मंत्री बनने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री के सहयोग से रुद्रपुर में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, प्रीत ग्रोवर, मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, मयंक कक्कड़ सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















