| इंडिया नजर ब्यूरो,रुद्रपुर – हाल ही में सामने आए एक मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। पहचान छुपाकर व्यापार करने के आरोपों के बीच रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी को ज्ञापन सौंपा और इस प्रकार के मामलों में सघन जांच अभियान चलाने की मांग की।
विधायक ने बताया कि त्रिशूल चौक क्षेत्र में एक ऑनलाइन फूड ऑर्डर से जुड़े घटनाक्रम के दौरान नाम और पहचान को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके बाद मौके पर हंगामा भी हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गलत पहचान के साथ व्यापार करता है, तो यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सामाजिक और धार्मिक भावनाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों में सतर्कता बरतते हुए सत्यापन अभियान चलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
विधायक ने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार का सामाजिक तनाव उत्पन्न न हो। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी वास्तविक पहचान के साथ ही व्यवसाय करें, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की गलतफहमी की स्थिति न बने।
वहीं, एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने विधायक को आश्वस्त किया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक जांच कर रही है। साथ ही, यदि अन्य ऐसे मामले सामने आते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी के साथ ही गौ रक्षा दल जिला महामंत्री राधे श्रीवास्तव, भाजयुमो जिला अध्यक्ष बिट्टू चौहान, मनीष गोस्वामी, मनोज मदान, विक्की राघव, रचित सिंह, आदेश भरद्वाज, मयंक कक्कड़, मयंक माटा, वासु, रवि चंद्रा आदि लोग मौजूद रहें।





















