| इंडिया नजर ब्यूरो,किच्छा – विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सतुईया में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने अपनी विधायक निधि से निर्मित दो सड़कों का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने फीता काटकर कार्यों का शुभारंभ किया।
जानकारी के अनुसार, पहले कार्य के तहत लगभग 4.09 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण कराया गया है, जबकि दूसरे कार्य में करीब 2.48 लाख रुपये की लागत से गांव में एक अन्य सड़क का निर्माण किया गया है। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 6.50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

इस मौके पर विधायक बेहड़ ने कहा कि वे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाता है और विकास की रफ्तार को तेज करता है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों को अब बेहतर सड़क सुविधा मिलने से आवागमन आसान होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, गुड्डू तिवारी, राजेश प्रताप सिंह, मेजर सिंह, ओमप्रकाश दुआ, अशोक चुघ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





















