
| इंडिया नज़र ब्यूरो,किच्छा – किच्छा विधानसभा क्षेत्र के नजीमाबाद में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक तिलक राज बेहड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड शासन द्वारा टाइप-ए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) नजीमाबाद में कुल 11 पदों का सृजन किया गया है। इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव की ओर से आदेश भी जारी कर दिया गया है।
विधायक बेहड़ ने बताया कि नजीमाबाद में अस्पताल भवन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जिस पर लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। वर्तमान में अस्पताल किराए के भवन में संचालित हो रहा है, जहां अस्थायी रूप से डॉक्टरों और स्टाफ की तैनाती की गई है। इसके चलते मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं देने में दिक्कतें सामने आ रही थीं।

इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए शासन ने स्थायी पदों का सृजन किया है। इन पदों में एक चिकित्सा अधिकारी, तीन नर्सिंग अधिकारी, एक फार्मासिस्ट, एक लैब टेक्नीशियन, एक महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, तीन आउटसोर्सिंग स्टाफ शामिल हैं।
विधायक बेहड़ ने कहा कि अस्पताल के पूर्ण रूप से तैयार होने के बाद किच्छा और सितारगंज विधानसभा क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि एक वर्ष के भीतर यह अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा और क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इसके अलावा, विधायक ने जनता दरबार के माध्यम से क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।





















