| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – उत्तराखंड सरकार में परिवहन व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री एवं ऊधम सिंह नगर के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा के रुद्रपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में एलाइंस कॉलोनी स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
प्रभारी मंत्री के पहली बार रुद्रपुर आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों, पार्षदों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य अभिनंदन किया। भारी भीड़ और उत्साहपूर्ण स्वागत को देखकर मंत्री प्रदीप बत्रा गदगद नजर आए।
कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री विधायक शिव अरोरा के आवास भी पहुंचे, जहां उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सपरिवार सम्मानित किया गया।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जनपद प्रभारी मंत्री के रूप में प्रदीप बत्रा का यह पहला दौरा है और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं तेजी से धरातल पर उतरेंगी।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा। उन्होंने कहा, “सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और गरीब कल्याण को सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि जनपद प्रभारी के रूप में वह जिले के विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। रुद्रपुर में मिले भव्य स्वागत के लिए उन्होंने विधायक शिव अरोरा और सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।





















