| इंडिया नज़र ब्यूरो,किच्छा – नगर में आयोजित 17वें श्री बालाजी जागरण का कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के माहौल में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर देश-प्रदेश से आए सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में सालासर धाम से पधारे प्रसिद्ध भजन गायक गुलाबनाथ जी एवं उनके गुरु कैलाशनाथ जी ने “नगर में जोगी आया” सहित कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। वहीं, बरेली से आए भजन गायक अपर्णा मिश्रा और अनंत मिश्रा की जोड़ी ने भी शानदार भजनों से समां बांध दिया।

उन्होंने “दुनिया रचने वाले को भगवान कहते हैं”, “संकट हारने वाले को हनुमान कहते हैं” और “आसरे तुम्हारे हम बजरंग बली” जैसे भजनों की प्रस्तुति दी, जिन्हें श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।
इस धार्मिक आयोजन में चिड़िया खेड़ा धाम की महंत श्रीमती पानश्री पाठक, नीलकंठ धाम के महंत एवं रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, पीपली धाम के महंत सोमनाथ जी और समाजसेवी अजय तिवारी (मामा) सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन बालाजी सेवा समिति द्वारा किया गया, जिसमें विवेक दीप सिंह, अविनाश चंद्र गुप्ता, राकेश गुप्ता, मनीष मुंजाल, हरीश सक्सेना, अंकित बंसल, भूप राम समेत अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और भजनों पर झूमते हुए भगवान हनुमान की आराधना की। भक्ति और संगीत से सजे इस जागरण कार्यक्रम ने किच्छा में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया और श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार संध्या साबित हुई।





















