| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – यहां रम्पुरा क्षेत्र में आयोजित हिन्दू शौर्य यात्रा ने पूरे इलाके को भगवा रंग में रंग दिया। विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
यह यात्रा रम्पुरा स्थित दुर्गा मंदिर से शुरू हुई, जहां विधायक शिव अरोरा ने माता के चरणों में नमन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद यात्रा विभिन्न प्रमुख मार्गों—कटोरी मंदिर, काली मंदिर, गुरुद्वारा रोड, सनशाइन स्कूल होते हुए शिव मंदिर (चौरासी घंटा मंदिर) तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

विधायक शिव अरोरा ने इस अवसर पर कहा कि रम्पुरा हमेशा से धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा में उमड़ा जनसमूह यह दर्शाता है कि यहां के लोग अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक और समर्पित हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
विधायक ने यह भी कहा कि समाज में एकता और आपसी सद्भाव बनाए रखना आवश्यक है, और ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने रम्पुरा के लोगों के प्रति अपने विशेष लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम के अंत में विधायक शिव अरोरा ने यात्रा में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, बिट्टू शर्मा, प्रीत ग्रोवर सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





















