– इंडिया नज़र ब्यूरो | बाजपुर – राज्य को टीबी (क्षय रोग) से मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत बाजपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत टांडा गोरु में एक निशुल्क स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में जांच कर उन्हें जागरूक किया गया।
कैंप के दौरान कुल 111 ग्रामीणों की टीबी स्क्रीनिंग की गई, जबकि 76 महिला और पुरुषों के चेस्ट एक्स-रे किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मौके पर ही लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
सरकार के “टीबी मुक्त राज्य” अभियान और 100 डेज़ प्रोग्राम के तहत गांव-गांव जाकर इस तरह के कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बीमारी की समय रहते पहचान कर इलाज सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज योगेंद्र कुमार सागर के निर्देश पर पीएलवी (पैरालीगल वॉलंटियर्स) ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए टीबी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए।
कैंप की अध्यक्षता ग्राम प्रधान गुरप्रीत सिंह द्वारा की गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएचसीओ निशा जहां, एसटीएस अजीत कुमार, सुरेंद्र सिंह, तथा प्रधानाध्यापक पंकज विश्नोई, पीएलवी शशि गुप्ता और शिवानी सहित कई अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस तरह के जागरूकता और जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म किया जा सके।



















