– इंडिया नज़र ब्यूरो, रुद्रपुर – कांग्रेस का दामन थामने के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर चल रहे कथित दुष्प्रचार को लेकर कोतवाली पुलिस में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्हें सुनियोजित तरीके से बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
तहरीर में ठुकराल ने कहा कि 28 मार्च 2026 को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद से ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके खिलाफ भ्रामक, अपमानजनक और आधारहीन पोस्ट्स की बाढ़ आ गई है। उनका आरोप है कि यह एक सोची-समझी रणनीति के तहत किया जा रहा अभियान है, जिसका उद्देश्य उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुँचाना है।

पूर्व विधायक ने डम्पी चोपड़ा, नीतिश ग्रोवर, जगदीश विश्वास उर्फ सुदर्शन, अजीत सक्सैना और राज कोली समेत कुछ अन्य अज्ञात लोगों को नामजद करते हुए कहा कि ये लोग लगातार सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से उनके खिलाफ गलत जानकारी फैला रहे हैं।
मामले को और गंभीर बताते हुए ठुकराल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के दुरुपयोग की आशंका भी जताई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इस तरह की तकनीक के जरिए उन्हें नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया जा चुका है और अब कांग्रेस में शामिल होने के बाद ये तत्व फिर से सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने इसे समाज में नफरत फैलाने वाला “विषवमन” करार दिया।

ठुकराल ने पुलिस को यह भी बताया कि वायरल हो रही आपत्तिजनक पोस्ट्स के स्क्रीनशॉट्स उन्होंने सुरक्षित कर लिए हैं और साक्ष्य के रूप में तहरीर के साथ संलग्न किए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है और अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है।