

| इंडिया नज़र ब्यूरो, किच्छा – विधानसभा क्षेत्र किच्छा में विकास कार्यों को नई रफ्तार देते हुए करोड़ों रुपये की विभिन्न योजनाओं को वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। इन योजनाओं में नगर कम्युनिटी हॉल का निर्माण, सड़कों का निर्माण एवं सुधारीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन स्वीकृतियों के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर देखी जा रही है।
विधायक तिलक राज बेहड़ द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया गया कि उनके निरंतर प्रयासों के चलते क्षेत्र को यह बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से किच्छा के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत किच्छा में आधुनिक कम्युनिटी हॉल के निर्माण को मंजूरी मिल गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 137/2024 के तहत गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय परिसर की अवशेष सड़कों का सुधारीकरण किया जाएगा। साथ ही अटरिया–सिडकुल नगला मार्ग (8.255 किमी) का निर्माण लगभग 22.72 करोड़ रुपये तथा शिमला–कुरैया मार्ग (8.885 किमी) का निर्माण लगभग 19.40 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
राज्य योजना के अंतर्गत ग्राम गंगापुर मोटर मार्ग का डामरीकरण, नजीबाबाद क्षेत्र में सड़क निर्माण, ग्राम आजादनगर–नौगवां–मलपुरा मार्ग का पुनर्निर्माण तथा ग्राम भगवानपुर में मोटर मार्ग का डामरीकरण कार्य भी स्वीकृत किया गया है। वहीं किच्छा के सिरौली कला वार्ड नंबर 19 में लगभग 875 मीटर आंतरिक सड़कों का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। अल्पसंख्यक विभाग के माध्यम से लालपुर कुर्रेय्या और कच्ची खमरिया में तीन कब्रिस्तानों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण को भी मंजूरी दी गई है।

विधायक तिलक राज बेहड़ का कहना है कि “किच्छा विधानसभा क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेरा प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे। सड़क, भवन, पेयजल, सामाजिक ढांचे और जनहित से जुड़े हर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं को स्वीकृति मिली है, वे किच्छा के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। आने वाले समय में भी मैं लगातार प्रयास करता रहूंगा कि और अधिक विकास योजनाएं क्षेत्र में आएं, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलें और किच्छा एक विकसित एवं आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित हो।”
प्रेस वार्ता से पूर्व बड़ी संख्या में ग्रामीणों, क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं ने विधायक तिलक राज बेहड़ का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया और विकास कार्यों के लिए उनका आभार जताया।






















