


– इंडिया नज़र ब्यूरो | विशेष रिपोर्टरुद्रपुर – पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” संकल्प को जमीन पर उतारते हुए अजय गणपति के नेतृत्व में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए गए 15 दिवसीय विशेष अभियान में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। इस अभियान के दौरान जनपदभर में सघन कार्रवाई करते हुए 59 अभियोग पंजीकृत किए गए, जबकि 64 अवैध शस्त्र तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
पुलिस का 15 दिन का विशेष अभियान, अपराधियों में खौफ है, पुलिस ने 12 मार्च से 26 मार्च 2026 तक चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना और फायरिंग जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था। पुलिस की सख्ती का असर साफ तौर पर देखने को मिला और अपराधियों में भय का माहौल बना।

इस अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए, जिनमें शामिल हैं, 71 अवैध तमंचे, 03 पिस्टल, 2 पंप एक्शन गन,1 बन्दूक (.315 बोर),116 जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस, 2 मैगजीन (.32 बोर) बरामद किये है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर शस्त्र प्रदर्शन के एक मामले में 1 लाइसेंसी पिस्टल (45 बोर) और 6 कारतूस भी बरामद किए गए।
पुलिस द्वारा अवैध शस्त्रों के निर्माण, तस्करी, भंडारण और सार्वजनिक प्रदर्शन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की गई। इससे जनपद में फायरिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगा है।
एसएसपी अजय गणपति ने जनपदवासियों से अपील की है कि अवैध शस्त्रों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध हथियार रखना, दिखाना या उपयोग करना कानूनन अपराध है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






















