


| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – रुद्रपुर के काशीपुर बाईपास रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी में फर्जी सिलेंडर डिलीवरी के गंभीर मामले ने तूल पकड़ लिया है। शिकायतों के बाद एडीएम पंकज उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पूरे प्रकरण में सख्त रुख अपनाते हुए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
दरअसल, दर्जनों उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके नाम पर बुक किए गए गैस सिलेंडर की फर्जी डिलीवरी दिखाकर उन्हें सिलेंडर नहीं दिया गया। इस मामले को लेकर संघर्षशील समाजसेवी सुशील गाबा और जगदीश तनेजा के नेतृत्व में उपभोक्ताओं ने प्रशासन से शिकायत की।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एडीएम पंकज उपाध्याय खुद गैस एजेंसी पहुंचे, जहां उन्होंने एजेंसी प्रबंधन से जवाब-तलब किया और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की। मौके पर ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए और कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एडीएम ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि अब किसी भी उपभोक्ता के साथ अन्याय नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी अनिवार्य रूप से दी जाएगी और एजेंसी पर सीधे सिलेंडर वितरण की व्यवस्था समाप्त की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
सामाजिक कार्यकर्ता सुशील गाबा का का कहना है कि “यह कार्रवाई आम जनता के हक की बड़ी जीत है। लंबे समय से उपभोक्ताओं के साथ हो रहे अन्याय को हमने उठाया और आज प्रशासन ने उस पर सख्त कदम उठाया है। अगर प्रतिदिन लगभग 1500 सिलेंडरों की सप्लाई होती है, तो तीन दिनों के भीतर पूरा बैकलॉग खत्म हो जाएगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। हम आगे भी जनता के हक के लिए लड़ते रहेंगे।”
एडीएम पंकज उपाध्याय ने स्पष्ट कर दिया है कि गैस वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर आम जनता को उनका अधिकार दिलाया जाएगा।






















