


– इंडिया नज़र ब्यूरो।रुद्रपुर – रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में पेश किए गए 1,11,703.21 करोड़ रुपये के बजट को प्रदेश के इतिहास का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट उत्तराखंड के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवभूमि उत्तराखंड की धरती से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। उसी दिशा में आगे बढ़ते हुए राज्य सरकार ने यह सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी बजट पेश किया है, जो युवा, महिला, किसान और गरीब वर्ग को समर्पित है।
उन्होंने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने और उद्योगों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।
विधायक अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश की संस्कृति को संरक्षित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। इस बजट में भी इन क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री धामी प्रदेश हित में सख्त और ऐतिहासिक फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं। समान नागरिक संहिता लागू करना, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे फैसलों ने उत्तराखंड को देशभर में एक अलग पहचान दिलाई है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि यह बजट उत्तराखंड के विकास को नई गति देगा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचेगा। उन्होंने इसे अब तक का सबसे बेहतर और जनहितकारी बजट करार दिया।





















