


| इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – सर्व समाज कल्याण समिति और लघु व्यापार मंडल ट्रांजिट कैंप के तत्वावधान में आयोजित नौवां सामूहिक विवाह समारोह धूमधाम और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान 21 दूल्हे बैंड-बाजों के साथ सजे-धजे रथों पर सवार होकर गल्ला मंडी से शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए ट्रांजिट कैंप स्थित फुटबॉल मैदान पहुंचे। रास्ते भर स्थानीय लोगों ने बारात का जगह-जगह भव्य स्वागत किया।
फुटबॉल मैदान पहुंचने पर वधू पक्ष की ओर से वर पक्ष का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। इसके बाद वैवाहिक रस्में शुरू हुईं। वर पक्ष के मंच पर विराजमान होने के बाद 21 वधुएं अपनी सखी-सहेलियों और परिजनों के साथ पारंपरिक लाल जोड़े में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जयमाला की रस्म संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम संयोजक भारत भूषण चुघ ने बताया कि विवाह हिंदू रीति-रिवाजों और गायत्री परिवार की परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। मंत्रोच्चार के मध्य वर-वधू ने सात फेरे लेकर जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया। इस प्रकार 21 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंध गए।
समारोह में दूधिया मंदिर के शिवानंद जी महाराज, मनकामेश्वर मंदिर के स्वामी नारायण चैतन्य, स्वामी सोमानंद जी महाराज और अशोक जी महाराज सहित कई साधु-संतों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। इसके साथ ही विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े गणमान्य लोग भी समारोह में शामिल हुए और नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम संयोजक चुघ ने बताया कि संस्था और जनसहयोग से सभी नवदंपत्तियों को आवश्यक घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिया गया, जिसमें डबल बेड, ड्रेसिंग टेबल, अलमारी, सिलाई मशीन, पंखा और बर्तन आदि शामिल हैं। लघु व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने बताया कि सामूहिक विवाह के लिए सभी 21 जोड़ों का चयन पूरी जांच-पड़ताल के बाद किया गया, जो निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं।
विवाह समारोह के उपरांत भोजन की भी व्यवस्था की गई, जहां सैकड़ों लोगों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देकर प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया।
इस अवसर पर मनोज गुप्ता, विकास बंसल, अनिल चौहान, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व मेयर रामपाल, आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक डालचंद, संजय ठुकराल, मुकेश वशिष्ठ, धीरेंद्र मिश्रा, अमित नारंग सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।






















