
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – नगर निगम के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने जा रहा “एक साल बेमिसाल” उत्सव रुद्रपुर के इतिहास में एक विशेष अध्याय जोड़ने जा रहा है। महापौर विकास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ”14 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क में यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा, जिसका शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के करकमलों द्वारा होगा।”
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर रुद्रपुरवासियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें आधारभूत संरचना, सड़क, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, जनसुविधाओं और अन्य नगर विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल रहेगा। उन्होंने इसे विकास, संस्कृति और जनभागीदारी का अद्वितीय संगम बताया।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर रुद्रपुरवासियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें आधारभूत संरचना, सड़क, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, जनसुविधाओं और अन्य नगर विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल रहेगा। उन्होंने इसे विकास, संस्कृति और जनभागीदारी का अद्वितीय संगम बताया।

भव्य शुभारंभ और शिव बारात का आयोजन –
14 फरवरी को मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे इंदिरा चौक (नव नामित त्रिशूल चौक) पहुंचकर भव्य त्रिशूल का लोकार्पण करेंगे। इसके पश्चात हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा।
त्रिशूल चौक से विशाल शिव बारात निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। शहर के कई स्थानों पर सांस्कृतिक दलों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समुदायों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद गांधी पार्क में यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेले का विधिवत उद्घाटन होगा। सायंकाल श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल द्वारा आयोजित विशाल शिव जागरण से उत्सव का प्रथम दिवस धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न होगा।
10 दिन तक सजेगा संस्कृति और विकास का संगम
15 से 23 फरवरी तक प्रतिदिन गांधी पार्क में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिन के समय स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और नगर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत बनाएंगे, जबकि सायंकाल देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
मेले में 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को स्थान मिलेगा। विशेष रूप से 25 स्टॉल महिला स्वयं सहायता समूहों को निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि नगर निगम भविष्य में महिला समूहों के उत्पादों के विपणन हेतु ‘शी मार्ट’ स्थापित करने की योजना पर कार्य कर रहा है। साथ ही कुमाऊं क्षेत्र की विशेष पहचान को मजबूत करने के लिए एक विशिष्ट ब्रांड विकसित करने की दिशा में भी प्रयास प्रारंभ किए गए हैं।
महापौर विकास शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि “एक साल बेमिसाल” उत्सव रुद्रपुर की नई पहचान स्थापित करेगा और विकास व सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनेगा।






















