– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – जनपद ऊधमसिंहनगर में 36वें सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के कुशल निर्देशन में पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रुद्रपुर के डीडी चौक पर विशेष अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और रिफ्लेक्टर बेल्ट वितरित किए गए।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को दंडित करने के बजाय उन्हें जागरूक करते हुए निःशुल्क हेलमेट भेंट किए गए और भविष्य में नियमित रूप से हेलमेट पहनने का संकल्प दिलाया गया। वेगा (Vega) कंपनी के सहयोग से उच्च गुणवत्ता वाले हेलमेट वितरित किए गए। रात्रि दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से दोपहिया चालकों को रिफ्लेक्टर बेल्ट भी पहनाई गई, जिससे सड़क पर उनकी दृश्यता बढ़ सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री नीहारिका तोमर ने कहा कि “सड़क सुरक्षा केवल एक माह का अभियान नहीं, बल्कि जीवन भर अपनाई जाने वाली आदत है। हेलमेट की स्ट्रिप को सही तरीके से बांधने मात्र से सिर की गंभीर चोटों के खतरे को कई गुना कम किया जा सकता है।”
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। पुलिस की इस सकारात्मक पहल को लोगों ने सराहा और इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।
ऊधमसिंहनगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।






















