

– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर से एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है, जहाँ नगर निगम पार्षद सौरभ राज बेहड़ पर हुए हमले की पूरी साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि हमले का शिकार बना पार्षद ही इस पूरी साजिश का हिस्सा निकला।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों पर पुलिस ने ना सिर्फ तीन हथियारबंद हमलावरों को पकड़ा, बल्कि मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार कर लिया। जनपद ऊधम सिंह नगर की कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार 21 और 22 जनवरी की रात पुलिस चेकिंग के दौरान सिडकुल रोड पर बिना नंबर प्लेट बाइक से आ रहे तीन संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। बाइक फिसलने के बाद पुलिस ने तीनों को मौके पर दबोच लिया। तलाशी में आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, एक जिंदा कारतूस और एक नाजायज चाकू बरामद किया गया। इन गिरफ्तार आरोपियों के नाम वंश कुमार, बादशाह और दीपक सिंह है।
इनसे पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने पूरे जिले को चौंका दिया। जांच में खुलासा हुआ कि बीती 18 जनवरी को हुआ हमला किसी दुश्मनी का नतीजा नहीं बल्कि खुद पार्षद सौरभ बेहड़ द्वारा रची गई साजिश थी। पारिवारिक विवाद के चलते सहानुभूति पाने के लिए सौरभ बेहड़ ने खुद पर हमला करवाने की योजना बनाई।
इस साजिश को अंजाम देने में उसका साथी इंदर नारंग मास्टरमाइंड के रूप में सामने आया। पुलिस के मुताबिक, इंदर नारंग ने हमलावरों को बुलाया, चेहरे ढकने और बाइक की नंबर प्लेट हटाने के निर्देश दिए। घटना के वक्त वह खुद अपनी वैगनार कार से हमलावरों के पीछे-पीछे चल रहा था। हमले के बाद आरोपियों को सुरक्षित भगाने और मोटरसाइकिल छिपाने में भी उसकी भूमिका सामने आई है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और कार को भी बरामद कर लिया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा का कहना है कि “कानून को गुमराह करने और अवैध हथियारों के सहारे साजिश रचने वालों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
वहीं इस मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलक राज बेहड़ ने अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में अपने पुत्र से संबंध विच्छेद करने की बात कही है। उनका कहना है ”उनका अपना सिक्का ही खोटा निकला।” उन्होंने अपने सभी समर्थको, राजनीतिक दलों से जुड़े लोगो से बेटे के इस कृत्य के लिये माफ़ी मांगी है।

























