


– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के सुपुत्र सौरभ राज बेहड़ पर 18 जनवरी को हुए जानलेवा हमले के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को विधायक तिलक राज बेहड़ के आवास पर एक महाबैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए।
बैठक में हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। उपस्थित वक्ताओं ने इस घटना को कानून व्यवस्था पर सीधा हमला बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।
बैठक में हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। उपस्थित वक्ताओं ने इस घटना को कानून व्यवस्था पर सीधा हमला बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।

घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने उपस्थित लोगों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि 18 जनवरी की रात तक हमले से जुड़े आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।
महाबैठक को संबोधित करते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि यह हमला केवल उनके बेटे पर नहीं, बल्कि पूरे जिले की कानून व्यवस्था पर हमला है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि तय समय सीमा तक पुलिस मामले का खुलासा नहीं करती है, तो वे सोशल मीडिया के माध्यम से जनता को आगे की रणनीति से अवगत कराएंगे।
विधायक बेहड़ ने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर वे अपने समर्थकों के साथ एसपी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

इस दौरान पूर्व विधायक राज कुमार ठुकराल ने हमले को कायराना करार देते हुए कहा कि यदि पुलिस निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई नहीं करती है, तो आंदोलन किया जाएगा।
बैठक के माध्यम से साफ संदेश दिया गया कि यदि समय रहते दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। महाबैठक में उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, जसपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक नारायण पाल, सुशील गाबा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और समर्थक मौजूद रहे।
























