


– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – बिंदुखेड़ा में आयोजित 74वें विशाल कुश्ती दंगल मेले का समापन भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस पारंपरिक दंगल में देशभर से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया। फाइनल मुकाबले में झंडी वाली कुश्ती के दौरान काशीपुर के अवतार सिंह ने दिल्ली के आसिफ को पराजित कर इस वर्ष की ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता अवतार सिंह और उपविजेता आसिफ को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान कर दंगल का विधिवत समापन किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी भारत भूषण चुघ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता एवं प्रतिभागी पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। दंगल से पूर्व गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में अरदास की गई, जिसके बाद मेले का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी भारत भूषण चुघ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता एवं प्रतिभागी पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। दंगल से पूर्व गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में अरदास की गई, जिसके बाद मेले का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने कहा कि लोहड़ी, माघी और मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा और ग्राम सभा बिंदुखेड़ा द्वारा पिछले कई दशकों से विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया जा रहा है। यह दंगल न केवल ग्रामीण परंपराओं को जीवित रखता है, बल्कि देश के कोने-कोने से आए पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि कुश्ती आज भी शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी खेल है। पहले इसे गांवों तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब कुश्ती ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना ली है और युवा वर्ग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विशाल लोहड़ी मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने कुश्ती दंगल के साथ-साथ मेले का भरपूर आनंद लिया।
गुरुद्वारा कमेटी बिंदुखेड़ा की ओर से समाजसेवी भारत भूषण चुघ को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान काबल सिंह, अमरजीत सिंह, भजनीक सिंह, सोना सिंह, विचित्र सिंह, हरभजन सिंह, जसपाल सिंह, बलकार सिंह, जोगेंद्र सिंह, इंद्रजीत सिंह, हरपाल सिंह, प्रीतम सिंह, सूरज आर्य, सत्ता कोली, अजय मिश्रा, सोनू शर्मा, मोंटू आर्य, पवन सागर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
























