


– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – जनपद ऊधमसिंहनगर में कानून-व्यवस्था और पुलिस की जवाबदेही को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। कोतवाली आईटीआई क्षेत्र के ग्राम पैगा निवासी मृतक सुखवंत सिंह पुत्र तेजा सिंह से जुड़े मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही और उदासीनता सामने आने पर एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली आईटीआई के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक कुंदन सिंह रौतेला एवं उपनिरीक्षक प्रकाश बिष्ट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रस्तावित/प्रचलित की गई है।

इसके साथ ही चौकी पैगा, कोतवाली आईटीआई पर तैनात पूरे पुलिस बल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में चौकी प्रभारी सहित कुल 10 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं, जिनमे उपनिरीक्षक, चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार, अपर उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, भूपेंद्र सिंह, दिनेश तिवारी, शेखर बनकोटी, सुरेश चंद्र, योगेश चौधरी, राजेंद्र गिरी, दीपक प्रसाद, संजय कुमार है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि ”जनपद में किसी भी स्तर पर लापरवाही, संवेदनहीनता या कर्तव्यहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना है, इसमें किसी भी प्रकार की चूक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई पुलिस महकमे में अनुशासन और जवाबदेही का स्पष्ट संदेश मानी जा रही है।”
आपको बता दे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पूरे मामले की कुमायूँ कमिश्नर दीपक रावत को मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए है। देखना होगा जिस के कारण किसान की जान गई उन अपराधियों के खिलाफ क्या कार्यवाही होती है।
























