


– ईदगाह के पास खाली कराई गई भूमि पर बनेगी वाल्मीकि कालोनी
– इंडिया नज़र ब्यूरो रूद्रपुर – नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने पर्यावरण मित्रों के वर्षों पुराने आवासीय सपने को साकार करते हुए एक ऐतिहासिक घोषणा की है। खेड़ा क्षेत्र में ईदगाह की आड़ में कब्जा मुक्त कराई गई 8 एकड़ सरकारी भूमि में से 1 एकड़ भूमि पर ‘वाल्मीकि कॉलोनी’ का निर्माण किया जाएगा, जहां पर्यावरण मित्रों को निःशुल्क आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही रुद्रपुर प्रदेश का पहला नगर निगम बन गया है, जो पर्यावरण मित्रों के लिए समर्पित आवासीय कॉलोनी बनाने जा रहा है।

महापौर ने बताया कि इस परियोजना को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शहरी विकास सचिव की स्वीकृति मिल चुकी है तथा जल्द ही डीपीआर तैयार कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। बची हुई भूमि पर बालिकाओं के लिए इंटर कॉलेज बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा।
इस मौके पर महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम ने किसी धार्मिक स्थल की नहीं, बल्कि उसकी आड़ में कब्जाई गई सरकारी भूमि को मुक्त कराया है और अतिक्रमण के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने कहा कि शासन से पूरी सहमति मिल चुकी है और डीपीआर प्रक्रिया शुरू हो गई है। घोषणा के बाद पर्यावरण मित्रों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने महापौर और नगर आयुक्त का भव्य स्वागत कर आभार जताया।
























