

| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – उत्तराखंड में खेलों को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ के अंतर्गत विधानसभा स्तर पर आयोजित विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025–26 का शुभारंभ पुलिस लाइन रुद्रपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर किया।
इस प्रतियोगिता में 14 और 19 वर्ष आयु वर्ग के सैकड़ों खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल और पिट्टू जैसे विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में खेलों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार किया जा रहा है। खेल महाकुंभ के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के युवा आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ”रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में खेल मैदानों के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि युवा खिलाड़ी अपने कौशल को बेहतर तरीके से निखार सकें।”
मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा ने U-19 वर्ग की 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गजनफर (बिगवाड़ा), द्वितीय पवन सिंह (बिगवाड़ा), तृतीय वीर सिंह (नरायणपुर) और 100 मीटर दौड़ में सिद्धार्थ सिंह (प्रथम), हेमंत कुमार (द्वितीय) व कृष्णा कांडपाल (तृतीय) को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन हरीश दनाई और धीरज पांडे ने किया।

























