रुद्रपुर – पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा रुद्रपुर के सिटी क्लब में अटल स्मृति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी वर्ग, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ। इसके उपरांत अटल बिहारी वाजपेयी के संघर्ष काल के साक्षी रहे वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं यशपाल घई, कस्तूरी लाल तागरा, वेद ठुकराल, मीना शर्मा, शाहखान राजशाही एवं पूर्व सांसद बलराज पासी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

सम्मेलन के संयोजक एवं रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने स्वागत भाषण में कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी असंख्य कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि दो सांसदों वाली पार्टी से प्रधानमंत्री पद तक का उनका संघर्ष आज भी कार्यकर्ताओं को सिद्धांतों पर अडिग रहने की सीख देता है। विधायक अरोरा ने कहा कि ”अटल जी ने सत्ता के लिए कभी अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया। उन्हीं के संघर्ष और विचारों की बदौलत भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से निरंतर देशसेवा कर रही है।”

मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व सांसद एवं उत्तराखंड सरकार में पूर्व राज्यमंत्री बलराज पासी ने कहा कि ”यदि भाजपा को समझना है तो अटल बिहारी वाजपेयी के संघर्षों को जानना होगा। उन्होंने कहा कि अटल जी ऐसे नेता थे जिन्हें पक्ष और विपक्ष, दोनों समान सम्मान देते थे। उनकी कविताएं आज भी दिलों को छूती हैं और उनके अर्थ अत्यंत व्यापक हैं।”
बलराज पासी ने कहा कि ”सर्व शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री सड़क योजना और पोखरण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों के लिए अटल बिहारी वाजपेयी को न केवल भारत बल्कि पूरा विश्व याद करता है। उन्होंने सदैव “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ अपना जीवन जिया और देश को समर्पित किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं।”
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य खूब सिंह विकल ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन सादगी, सहिष्णुता और संघर्ष का प्रतीक था। वे पक्ष हो या विपक्ष, सभी के प्रति विनम्र रहते थे। उनके आदर्श जीवन से हमें सीख लेकर अपने सामाजिक और राजनीतिक जीवन में उतारने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का समापन मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल द्वारा किया गया। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।






















