
| इंडिया नज़र ब्यूरोकाशीपुर | काशीपुर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने सख़्त और त्वरित कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने प्रकरण की गंभीरता और संभावित सांप्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ा एक्शन लिया है।
बीते 24 दिसंबर 2025 को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें काशीपुर क्षेत्र के कुछ युवकों द्वारा कश्मीर निवासी युवक बिलाल, जो लंबे समय से उत्तराखंड में रहकर रोज़गार कर रहे हैं, के साथ अभद्रता और दुर्व्यवहार करते हुए देखा गया। पुलिस जांच में यह घटना 22 दिसंबर 2025 की पाई गई।

वीडियो सामने आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटवाया, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो सके।
25 दिसंबर 2025 को पीड़ित युवक बिलाल द्वारा कोतवाली काशीपुर में लिखित तहरीर दी गई, जिसके आधार पर तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 517/25 दर्ज किया गया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 115(2), 351(3), 352, 304, 62, 292 एवं 126(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस द्वारा वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। मामले में निष्पक्ष एवं गहन विवेचना जारी है और दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की बात कही गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि ”जनपद में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और भड़काऊ या असत्य सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा न करें।” पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि जनपद में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।























