

रुद्रपुर – रुद्रपुर के विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम सामने आया है। विधायक शिव अरोरा ने घोषणा की है कि काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण के तहत रुद्रपुर कुमाऊँ का पहला ऐसा शहर बनेगा, जहाँ यूटिलिटी शिफ्टिंग डक्टिंग सिस्टम के माध्यम से पूरी तरह अंडरग्राउंड की जाएगी। इससे बिजली के तारों और पानी की लाइनों के जाल से शहर को स्थायी निजात मिलेगी।
इस संबंध में विधायक शिव अरोरा ने अपने कार्यालय पर लोक निर्माण विभाग (PWD), विद्युत विभाग एवं जल संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक की, जिसमें काशीपुर बाईपास एवं इंद्रा चौक से अटरिया मंदिर तक चौड़ीकरण कार्य से जुड़ी सभी तकनीकी औपचारिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि विगत 19 दिसंबर को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में लोक निर्माण सचिव श्री पंकज पांडेय, HOD PWD एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण को अंतिम रूप दिया जा चुका है। सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और सचिव PWD ने प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त कर दी है।
विधायक अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकासोन्मुखी सोच के अनुरूप काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण में विद्युत लाइनें, पानी की पाइपलाइन समेत सभी यूटिलिटीज डक्टिंग सिस्टम से अंडरग्राउंड होंगी। यह परियोजना अपने आप में एक मॉडल बनेगी और शहर को तारों के अव्यवस्थित जाल से मुक्ति दिलाएगी।
बैठक में जल संस्थान और विद्युत विभाग ने जानकारी दी कि आगामी एक सप्ताह के भीतर यूटिलिटी शिफ्टिंग का डिज़ाइन तैयार कर PWD को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद PWD द्वारा वित्तीय स्वीकृति हेतु प्रस्ताव सचिव PWD को भेजा जाएगा, जिसकी मंजूरी मिलते ही कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण दोनों ओर 60–60 फीट प्रस्तावित है, जिससे लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने तीनों विभागों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय से सभी औपचारिकताएं बिना देरी पूरी की जाएं ताकि निर्माण कार्य शीघ्र गति से शुरू हो सके।
विधायक अरोरा ने मुख्यमंत्री घोषणा में स्वीकृत डीडी चौक से अटरिया मोड़ तक सौंदर्यीकरण एवं चौड़ीकरण परियोजना का भी उल्लेख किया, जिसके लिए प्राधिकरण को 32 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इंद्रा चौक से डीडी चौक तक प्रथम चरण का कार्य शुरू तो हुआ है, लेकिन तकनीकी खामियों और विभागीय सुस्ती के चलते अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रहा है। इस पर उन्होंने PWD, जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराज़गी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पेड़ कटान का कार्य पूर्ण होते ही जल लाइन एवं विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा, ताकि निर्माण में कोई बाधा न आए।
”काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण परियोजना को लेकर यह बैठक रुद्रपुर के शहरी विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होने जा रही है, जिससे शहर को आधुनिक, जाममुक्त और सुव्यवस्थित स्वरूप मिलेगा।”
बैठक में PWD अधीक्षण अभियंता अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता गजेंद्र कुमार, ईई केशव लाल, जेई हरीश बसेड़ा, विद्युत विभाग खंड-1 से अधिशासी अभियंता उमाकांत त्रिपाठी, जेई अरुण, विद्युत विभाग खंड-2 से अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवर्ती, एसडीओ अनु अरोरा, जेई शुभम एवं जल संस्थान से ईई चेतन कुमार उपस्थित रहे।
बैठक में PWD अधीक्षण अभियंता अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता गजेंद्र कुमार, ईई केशव लाल, जेई हरीश बसेड़ा, विद्युत विभाग खंड-1 से अधिशासी अभियंता उमाकांत त्रिपाठी, जेई अरुण, विद्युत विभाग खंड-2 से अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवर्ती, एसडीओ अनु अरोरा, जेई शुभम एवं जल संस्थान से ईई चेतन कुमार उपस्थित रहे।






















