
| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – भारतीय जनता पार्टी जिला ऊधम सिंह नगर द्वारा अटल स्मृति वर्ष एवं वीर बाल दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय रुद्रपुर में जिला स्तरीय कार्यशाला बैठक का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुँचाना तथा वीर बालकों, शहीद साहिबजादों के बलिदान का स्मरण करना रहा।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता जिला प्रभारी राकेश नैनवाल ने कहा कि ”अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन मूल्यनिष्ठ राजनीति और राष्ट्रहित की प्रेरणादायक मिसाल है। उनके नेतृत्व, समावेशी सोच और सशक्त भारत की परिकल्पना आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक है। वीर बाल दिवस के अवसर पर गुरु गोविंद सिंह के चारों साहिबजादों, विशेष रूप से बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय साहस और बलिदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।”

कार्यक्रम में नव-निर्मित मोर्चों के जिलाध्यक्षों का स्वागत किया गया तथा अंत में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को लेकर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से अटल जी के विचारों और साहिबजादों के बलिदान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में सह-प्रभारी साकेत अग्रवाल, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला मंत्री अजय जोशी एवं दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने अटल जी के सुशासन, पोखरण परमाणु परीक्षण, आधारभूत ढांचे के विकास और भारत को वैश्विक पहचान दिलाने में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।






















