
| इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी अभियान “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” को जनसामान्य तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में संयुक्त निदेशक, सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, उत्तराखण्ड नितिन उपाध्याय ने जिला सूचना कार्यालय में जनपद के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों के साथ संवाद किया।
जिला सूचना कार्यालय पहुँचने पर जिला सूचना अधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट द्वारा श्री उपाध्याय का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। संवाद कार्यक्रम के दौरान संयुक्त निदेशक ने पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान हेतु सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

नितिन उपाध्याय ने कहा कि ”सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सही, सटीक और व्यापक जानकारी आम जनता तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की योजनाओं का अधिकतम प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक और पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुँच सके।”
उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार द्वारा 17 दिसम्बर से आगामी 45 दिनों तक विशेष अभियान “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत न्याय पंचायतों और ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, योजनाओं में पंजीकरण तथा लाभ वितरण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।
संयुक्त निदेशक ने कहा कि इस जनहितकारी अभियान की सफलता मीडिया के सहयोग से ही संभव है। जितनी अधिक जानकारी जनता तक पहुँचेगी, उतनी ही अधिक संख्या में लोग शिविरों में भाग लेकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
इस अवसर पर उन्होंने जिला सूचना अधिकारी को प्रेस क्लब संचालन हेतु एक स्पष्ट और सुव्यवस्थित नियमावली तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही खटीमा में प्रेस क्लब की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर महानिदेशक, सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग को शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के संरक्षण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और मीडिया से जुड़े मुद्दों के समाधान हेतु विभाग स्तर पर हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
संयुक्त निदेशक, सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, उत्तराखण्ड नितिन उपाध्याय ने कहा कि “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहा है। मीडिया के सहयोग से हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और उनकी सक्रिय सहभागिता से ही यह अभियान पूरी तरह सफल हो सकेगा।”
इस दौरान नाहिद खान, सुरेंद्र गिरधर और सौरभ गंगवार ने मुद्दा उठाया कि पिछले लगभग आठ सालो से जिला स्तरीय स्थाई समिति का गठन नहीं किया गया है। जिससे पत्रकारों और प्रशासन के बीच समन्वय नहीं हो पा रहा है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार नाहिद खान, अजय जोशी, सुरेन्द्र गिरधर, भरत शाह, दीप बेलवाल, सौरभ गंगवार, दुर्गेश तिवारी, बीरेंद्र बिष्ट, वेद यादव, मुमत्याज, हरिनारायण अग्रवाल, विकास कुमार, ललित शर्मा, रमेश चन्द्रा, राजेन्द्र सिंह कण्डारी, अनुप झा, विजय कुमार, प्रेम कुमार, सुमित शर्मा सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार नाहिद खान, अजय जोशी, सुरेन्द्र गिरधर, भरत शाह, दीप बेलवाल, सौरभ गंगवार, दुर्गेश तिवारी, बीरेंद्र बिष्ट, वेद यादव, मुमत्याज, हरिनारायण अग्रवाल, विकास कुमार, ललित शर्मा, रमेश चन्द्रा, राजेन्द्र सिंह कण्डारी, अनुप झा, विजय कुमार, प्रेम कुमार, सुमित शर्मा सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।






















