– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – सिटी क्लब में जिंदगी जिंदाबाद समिति के तत्वावधान में आयोजित पाँचवें सामूहिक विवाह समारोह में 17 नवविवाहित जोड़ों ने विधिवत रीति-रिवाजों के साथ अपने नए दाम्पत्य जीवन की शुरुआत की। यह आयोजन सामाजिक समरसता, सेवा और सहयोग की भावना का जीवंत उदाहरण बना। कार्यक्रम के आयोजक जिंदगी जिंदाबाद समिति के संस्थापक करमजीत सिंह चानना रहे। समारोह में बड़ी संख्या में समाजसेवी, धर्मगुरु, गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे।

जिंदगी जिंदाबाद समिति के संस्थापक करमजीत सिंह चानना ने जानकारी देते हुए बताया कि इन 17 नवदंपतियों में से 6 दंपत्तियों का विवाह पंडित बाबूराम शर्मा द्वारा हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया, जबकि 11 नवदंपत्तियों का आनंद कारज दशमेश नगर आवास विकास स्थित गुरुद्वारे में कराया गया। सभी जोड़ों के सुखमय एवं सफल दाम्पत्य जीवन के लिए अरदास एवं मंगलकामनाएं की गईं।इसी संकल्प के तहत सिटी क्लब में यह भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के संस्थापक दीपक पांडे ने बताया जिंदगी जिंदाबाद समिति के लिए महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यापारी एवं समाजसेवी दीपक चराया द्वारा दान की गई भूमि पर बने भव्य वृद्ध आश्रम भवन का भी उल्लेख किया गया, जहां आज बुजुर्ग सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इस योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के संस्थापक दीपक पांडे, ममता पांडे एवं हरीश पांडे ने भी अपने साथियों का सहयोग प्रदान कर आयोजन को मजबूती दी। कार्यक्रम में जिंदगी जिंदाबाद समिति के अध्यक्ष द्वारा दीपक पांडे एवं के.सी. चंदोला जी को उनके अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
दीपक पांडे ने बताया कि ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन द्वारा 3 फरवरी से 9 फरवरी तक गांधी पार्क, रुद्रपुर में सात दिवसीय “उत्तराखंड रुद्रपुर महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा और सभी से इसमें सहभागिता की अपील की। इसके साथ ही शाम को ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की टीमों ने रुद्रपुर की विभिन्न गलियों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को सूखा राशन एवं गर्म कपड़े वितरित किए।






















