– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – सामाजिक सरोकारों में सक्रिय जिंदगी जिंदाबाद समिति द्वारा सिटी क्लब, रुद्रपुर में पाँचवाँ सामूहिक विवाह समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर 17 वर–वधुओं ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। कार्यक्रम में राजनीतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
समारोह में क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर सभी 17 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि ”जिंदगी जिंदाबाद समिति समाजहित में निरंतर सराहनीय कार्य कर रही है। निर्धन और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह का दायित्व उठाकर समिति समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय दे रही है।”

उन्होंने आयोजन की भव्यता और सुव्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि संस्थापक करमजीत सिंह चानना एवं उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है, जो हर वर्ष पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस सामूहिक विवाह समारोह का सफल आयोजन करती है।
जिंदगी जिंदाबाद समिति के संस्थापक करमजीत सिंह चानना ने जानकारी देते हुए बताया कि ”17 नवविवाहित जोड़ों में से 6 दंपत्तियों का विवाह पंडित बाबूराम शर्मा द्वारा हिंदू रीति–रिवाज से सम्पन्न कराया गया, जबकि 11 दंपत्तियों का आनंद कारज दशमेश नगर आवास विकास स्थित गुरुद्वारे में कराया गया। सभी नवदंपत्तियों के सुखमय और सफल दांपत्य जीवन के लिए विशेष अरदास भी की गई।”
उन्होंने बताया कि समिति द्वारा जनपदभर में भ्रमण कर आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर 17 कन्याओं का चयन किया गया था, जिनके विवाह का संपूर्ण दायित्व जिंदगी जिंदाबाद समिति ने उठाया। इसी उद्देश्य के तहत सिटी क्लब में पाँचवें सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ सभी 17 जोड़ों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की।
इस आयोजन में गुरु नानक नाम लेवा संगत एवं श्री गुरु तेग बहादुर जी वेलफेयर ट्रस्ट का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। समारोह सौहार्द, सामाजिक एकता और मानव सेवा का अनुपम उदाहरण बनकर सामने आया।