– इंडिया नज़र ब्यूरो खटीमा (ऊधम सिंह नगर) – रोडवेज बस स्टेशन के सामने हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या में नामजद मुख्य आरोपी हाशिम को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। एनकाउंटर के दौरान आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
आपको बता दे कि विगत 12 दिसंबर 2025 को कोतवाली खटीमा क्षेत्र में रोडवेज बस स्टेशन के सामने हुई मारपीट की घटना में तुषार भारद्वाज की गंभीर चोटों के चलते मृत्यु हो गई थी, जबकि उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में वादी मनोज शर्मा की तहरीर पर थाना खटीमा में मु0 एफआईआर संख्या 336/2025 के तहत बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। विवेचना के दौरान चश्मदीद गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि मुख्य आरोपी हाशिम पुत्र अनवार हुसैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर तुषार भारद्वाज पर चाकुओं से हमला कर उसकी निर्मम हत्या की थी।
एसपी सिटी रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी और क्षेत्राधिकारी खटीमा विमल रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक खटीमा विजेंद्र शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 13/14 दिसंबर की रात मुखबिर की सूचना पर कस्बा झनकट स्थित ईंट भट्ठे के पास आरोपी को घेर लिया। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की अपील किए जाने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी हाशिम के दाहिने पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को मौके पर प्राथमिक उपचार के बाद नानकमत्ता चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय रुद्रपुर रेफर किया गया। वर्तमान में आरोपी का इलाज पुलिस सुरक्षा में चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दी जा रही हैं। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में लाया जाएगा।






















