
किच्छा – किच्छा क्षेत्र की छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से लंबित मांग आज पूरी हो गई है। विधायक तिलक राज बेहड़ द्वारा लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम सामने आया है, जिसके तहत मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 136/2024 के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, किच्छा में नए भवन निर्माण की मंजूरी शासन द्वारा जारी कर दी गई है।
निर्माण के लिए कुल 5 करोड़ 72 लाख 54 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 40% राशि – 2 करोड़ 29 लाख 13 सौ रुपये वर्ष 2025 के लिए जारी कर दी गई है। यह राशि नए तीन मंजिला भवन के निर्माण में उपयोग होगी।
निर्माण के लिए कुल 5 करोड़ 72 लाख 54 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 40% राशि – 2 करोड़ 29 लाख 13 सौ रुपये वर्ष 2025 के लिए जारी कर दी गई है। यह राशि नए तीन मंजिला भवन के निर्माण में उपयोग होगी।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि नए भवन में 12 कक्षा कक्ष, 1 स्टाफ रूम, 40×27 आकार का विशाल मल्टीपरपज हॉल (सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद गतिविधियों हेतु), प्रत्येक तल पर 3-3 टॉयलेट ब्लॉक, स्टाफ टॉयलेट का निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि बढ़ती छात्राओं की संख्या को देखते हुए यह निर्माण अत्यंत आवश्यक था।
विधायक बेहड़ ने यह भी बताया कि किच्छा राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना 1976 में हुई थी। उनके प्रयासों से पहले भी 1999 में केमिस्ट्री लैब, 2002 में फिजिक्स, होम साइंस और बायो लैब, 2010 में जिला योजना के तहत दो कक्षा कक्ष का निर्माण कराया गया था। शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पहले से ही चर्चा में रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र से 10 प्रस्ताव मांगे गए थे, जिनमें किच्छा में “राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की स्थापना उनका प्रमुख प्रस्ताव था। इसी आधार पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत द्वारा किच्छा बालिका इंटर कॉलेज के नए भवन की घोषणा की गई।”
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि “मैं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने किच्छा की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए भवन की मंजूरी प्रदान की। यह भवन क्षेत्र की छात्राओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत और नए अवसर लेकर आएगा। मैं किच्छा की जनता और सभी छात्र-छात्राओं को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देता हूँ।”























