

रुद्रपुर / औराई – बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बीच औराई विधानसभा सीट पूरे प्रदेश में चर्चा का केंद्र बनी रही। भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रमा निषाद ने यहाँ 57,206 मतों के अभूतपूर्व अंतर से जीत दर्ज कर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का सबसे बड़ा विजय अंतर हासिल किया।

इस जबरदस्त जीत के पीछे संगठन की रणनीति और बूथ स्तर की मजबूत पकड़ को अहम माना जा रहा है, वहीं उत्तराखंड के रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा की महत्वपूर्ण भूमिका भी लगातार सुर्खियों में है। पार्टी संगठन के निर्देश पर अरोरा को औराई विधानसभा में प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसे उन्होंने पूरी निष्ठा और सक्रियता से निभाया।

विधायक शिव अरोरा ने जीत को बिहार के कार्यकर्ताओं की कठिन मेहनत और जनता के पीएम नरेंद्र मोदी में विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा “मैंने पार्टी के निर्देश पर एक सिपाही की तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई। कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता के विश्वास ने औराई में यह ऐतिहासिक जीत संभव की है। हमारी कर्मठ प्रत्याशी रमा निषाद को इस शानदार विजय की हार्दिक बधाई।”
औराई में ऐतिहासिक जीत की खबर रुद्रपुर पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। विधायक शिव अरोरा का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया और कार्यकर्ताओं ने उन्हें रणनीतिक सफलता के लिए बधाई दी। विधायक अरोरा ने भी बिहार की जनता, भाजपा संगठन और सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
























