


– शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने व रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
– इंडिया नज़र ब्यूरो।किच्छा – किच्छा नगर में बढ़ते यातायात जाम और चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए देवभूमि व्यापार मण्डल समिति ने थाना कोतवाली किच्छा में एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर के प्रमुख मार्गों आगमन स्थल, पावर हाउस के पास, सिद्धू गली, बोरिंग गली और महाराणा प्रताप चौक पर रोजाना लगने वाले जाम पर चिंता व्यक्त की गई है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि खासकर सिद्धू गली के बाहर ई-रिक्शा के अव्यवस्थित संचालन से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी होती है और कई बार दुर्घटनाएँ भी घटित हो चुकी हैं।
साथ ही ज्ञापन में बताया गया कि सर्दियों के मौसम में कोहरा और धुंध के कारण चोरी की घटनाओं की संभावनाएँ बढ़ जाती हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की गई है ताकि नगर के व्यापारियों व आमजन को सुरक्षा का अहसास हो सके।
देवभूमि व्यापार मंडल समिति के अध्यक्ष विजय अरोरा का कहना है कि “नगर के यातायात की स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। हमने प्रशासन से अपील की है कि मुख्य मार्गों पर यातायात पुलिस की तैनाती की जाए और ई-रिक्शा संचालन को नियंत्रित किया जाए, जिससे आमजन को राहत मिले।”
देवभूमि व्यापार मंडल समिति के महामंत्री नितिन फुटेला का कहना है कि “रात्रि के समय कोहरा बढ़ने से चोरी की घटनाएँ बढ़ सकती हैं। हमने प्रभारी निरीक्षक महोदय से अनुरोध किया है कि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, जिससे व्यापारी वर्ग निश्चिंत होकर अपना कारोबार कर सके।”
कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने कहा कि “व्यापार मंडल लगातार नगर के हित में काम कर रहा है। हम चाहते हैं कि यातायात व्यवस्था सुधरे और नगरवासियों को जाम से मुक्ति मिले।”
कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने कहा कि “व्यापार मंडल लगातार नगर के हित में काम कर रहा है। हम चाहते हैं कि यातायात व्यवस्था सुधरे और नगरवासियों को जाम से मुक्ति मिले।”
ज्ञापन सौंपने के समय मौजूद अध्यक्ष विजय अरोरा, महामंत्री नितिन फुटेला, कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल, सदस्य राकेश अरोरा और बालकृष्ण उपस्थित रहे।
























