




– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर किच्छा में भारतीय जनता पार्टी एवं प्रशासन की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं, पार्टी कार्यकर्ताओं, पुलिस कर्मियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
राष्ट्रीय एकता दौड़ सरदार वल्लभभाई पटेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा से शुरू होकर सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क आवास विकास में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस सशक्त, एकजुट और अखंड भारत का सपना देखा था, उस सपने को साकार करने की जिम्मेदारी आज हम सभी नागरिकों की है। हमें उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के संकल्प को मजबूत करना चाहिए।
उपजिलाधिकारी गौरव पांडे ने कहा कि आज देश को एकता की पहले से अधिक आवश्यकता है। विभिन्न जाति, धर्म और संप्रदायों के 140 करोड़ लोग मिलकर भारत को सशक्त बना रहे हैं। इसी भावना को सुदृढ़ करने के लिए जिले के सभी थानों में भी रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी किच्छा भूपेंद्र सिंह धौनी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दौड़ न केवल खेल का प्रतीक है बल्कि यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक भी है। सरदार पटेल के आदर्श हमें सिखाते हैं कि जब हम सब एकजुट होते हैं, तो कोई भी चुनौती हमारे सामने बड़ी नहीं रह जाती।
कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। बच्चे, युवा और अधिकारी सभी “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों के साथ दौड़ में शामिल हुए। अंत में अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दीपक शुक्ला, निवर्तमान जिला अध्यक्ष विवेक सक्सेना, मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोरया, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू, ब्लॉक प्रमुख पति जितेंद्र गौतम, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनमोहन सक्सेना, मुकेश कोली, बीएस चौहान, सभासद संदीप अरोड़ा, नितिन फुटेला, संजीव खन्ना, देवेंद्र शर्मा, रोहित भट्ट, विशाल गुप्ता, नितिन वाल्मीकि, विनोद कोली, सचिन वाल्मीकि, धर्मराज जायसवाल, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, योगेंद्र मणि त्रिपाठी, नारायण पाठक, संदीप अरोड़ा, मूलचंद राठौर, कुलदीप बग्गा, महामाया मिश्रा, नीरज द्विवेदी, राकेश सिंह, तरुण दत्ता, अनिल चौहान, सुशील यादव, रोशन अरोड़ा, बंटी खुराना, रोहित कलरा, इंद्र मेहता, अंकित पाठक, बिजेंद्र यादव, नरेंद्र ठुकराल, मंगत चुग, हरीश कलरा, जसमीत कक्कड़, राकेश यादव, मनोज यादव समेत सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

























