



– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – दीपावली के शुभ अवसर पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि किच्छा क्षेत्र में लंबे समय से अटके कई महत्वपूर्ण विकास कार्य अब मूर्त रूप लेने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 4 करोड़ 86 लाख 22 हजार रुपए की लागत से नजीबाबाद क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आवासीय भवन का निर्माण किया जाएगा। सरकार ने इस परियोजना के लिए 1 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपए की प्रथम किस्त भी स्वीकृत कर दी है।
बेहड़ ने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र उनके चार साल पुराने संकल्प का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों से इन योजनाओं पर किसी ने ध्यान नहीं दिया, परंतु अब यह सपना साकार हो रहा है।
बेहड़ ने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र उनके चार साल पुराने संकल्प का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों से इन योजनाओं पर किसी ने ध्यान नहीं दिया, परंतु अब यह सपना साकार हो रहा है।

विधायक बेहड़ ने बताया कि ”उनके प्रयासों से किच्छा जीजीआईसी स्कूल में पुराने भवन का नव-निर्माण लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। पत्रावली वित्तीय विभाग में पहुंच चुकी है। इसके अलावा रुद्रपुर की तर्ज पर किच्छा में एक कम्युनिटी हॉल के निर्माण प्रस्ताव को मुख्यमंत्री घोषणा सूची में शामिल किया गया है। स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है।”
बेहड़ ने कहा कि उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पर नाबार्ड द्वारा किच्छा फायर ब्रिगेड स्टेशन की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है, जिससे आपातकालीन सेवाओं में बड़ा सुधार होगा।
विधायक ने बताया कि सिडकुल–नगला रोड, जो वर्षों से जांच में फंसी थी, अब पीडब्ल्यूडी विभाग को ट्रांसफर कर दी गई है। इस संबंध में कैबिनेट में प्रस्ताव भेजा जा चुका है, और मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से इस पर चर्चा भी हो चुकी है। इसके अलावा शिमला कुर्रैया मार्ग, गल्ला मंडी पुल और बंडीया पुल के निर्माण हेतु एस्टीमेट तैयार हो रहे हैं। एक पुल की प्रथम चरण की स्वीकृति मिल चुकी है जबकि गल्ला मंडी पुल मुख्यमंत्री घोषणा सूची में है।
बेहड़ ने कहा कि किच्छा स्टेडियम की मांग और पिपलिया चौराहे से धौराडाम तक सड़क चौड़ीकरण के लिए मुख्यमंत्री से कई बार मुलाकात और पत्राचार किया गया है। मुख्यमंत्री ने पंतनगर की क्षतिग्रस्त सड़कों को 6 चरणों में सुधारने का आश्वासन दिया है।
विधायक बेहड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मांगी गई 10 विकास घोषणाओं में से दो प्रमुख परियोजनाओं नजीबाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और किच्छा फायर ब्रिगेड स्टेशन को स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्री धन सिंह रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाकी प्रस्तावों की स्वीकृति भी जल्द मिलेगी।
दीपावली के पावन अवसर पर विधायक बेहड़ ने विशेष रूप से बखपुर ग्रामसभा, सूर्यनगर, नजीमाबाद, तिलियापुर, गऊघाट, डम्पी फार्म, कोटखर्रा और दीवानझाला के निवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नजीबाबाद प्राथमिक अस्पताल बनने से इन दूरस्थ क्षेत्रों को अब आपात स्थिति में किच्छा या शक्तिफार्म नहीं जाना पड़ेगा।
अंत में उन्होंने जानकारी दी कि आदित्य चौक से दीनदयाल चौक तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य अगले माह से प्रारंभ होने की संभावना है। साथ ही किच्छा बाईपास से खुरपिया तक और काली मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण के एस्टीमेट शासन को भेजे जा चुके हैं, जिनकी अनुमति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में पूर्व पालिकाध्यक्ष दर्शन कुमार कोली, कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, राजेश प्रताप सिंह एवं ओम प्रकाश दुआ मौजूद थे।
























