



किच्छा – दीपावली का पर्व हर साल खुशियाँ, उमंग और नए उत्साह की सौगात लेकर आता है। यह सिर्फ रोशनी का नहीं बल्कि अपनेपन और सामाजिक समरसता का प्रतीक त्योहार भी है। इस पावन अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजीव खन्ना ने लोगों से अपील की है कि वे इस दीपावली पर स्वदेशी दिये, इलेक्ट्रॉनिक लाइट्स और पूजा की सामग्री खरीदकर त्योहार मनाएँ।

उन्होंने कहा कि “दीपावली का त्यौहार तभी सार्थक होगा जब हमारे आस-पास के कुम्हारों, स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यापारियों के घरों में भी खुशियाँ आएँ। कुम्हार साल भर मेहनत करके दीपावली के लिए दीये तैयार करता है और पूरे वर्षभर इस सीजन का इंतज़ार करता है। अगर हम उनसे स्वदेशी दिये खरीदेंगे तो न केवल उनका जीवन संवर जाएगा बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को भी बल मिलेगा।”
संजीव खन्ना ने कहा कि ”विदेशी उत्पादों की जगह स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना देश के आर्थिक विकास में सीधा योगदान है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि पूजा की सामग्री, दीप, सजावट की वस्तुएँ और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री भी स्थानीय बाजारों से ही खरीदें, ताकि छोटे व्यापारी, कुम्हार और कारीगरों के घरों में भी रोशनी फैले।”
उन्होंने कहा कि “एक दीया अगर आप स्वदेशी खरीदते हैं, तो वह केवल मिट्टी का नहीं, बल्कि किसी गरीब परिवार की आशा का प्रतीक बन जाता है। इस दीपावली अपने देश की मिट्टी से बने दियों से घर रोशन करें, यही सच्ची देशभक्ति और आत्मनिर्भर भारत की ओर एक कदम होगा।”
संजीव खन्ना ने अंत में कहा कि दीपावली को सच्चे अर्थों में खुशियों का पर्व तभी मनाया जा सकता है जब समाज के हर वर्ग के घर में रोशनी पहुँचे।

























