


– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – यहां पुरानी गल्ला मंडी में आयोजित रामलीला कार्यक्रम के दौरान आज एक बेहद अनोखी घटना सामने आई, जिसने दर्शकों को चौंका दिया। भारी भीड़ के बीच मंच पर चल रही रामायण की लीला के एक दृश्य में, लक्ष्मण का किरदार निभा रहे एक पत्रकार ने सूर्पनखा की नाक काट दी, बिल्कुल वैसा ही जैसे रामायण में वर्णित है।
हालांकि यह पूरी घटना एक नाटकीय प्रस्तुति का हिस्सा थी, लेकिन खास बात यह रही कि इस बार लक्ष्मण की भूमिका किसी पेशेवर कलाकार ने नहीं, बल्कि स्थानीय पत्रकार नवल किशोर ने निभाई।

पत्रकार नवल किशोर ने लक्ष्मण का किरदार निभाते हुए जैसे ही मंच पर ‘सूर्पनखा की नाक’ काटने वाला दृश्य निभाया, दर्शकों से तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।
हालांकि मंचन सफल रहा, पर जैसे ही इस घटना की तस्वीरें और हेडलाइन सोशल मीडिया पर आईं, “पत्रकार ने काटी सूर्पनखा की नाक” कई लोगों ने इसे अलग नजरिए से देखना शुरू कर दिया। कुछ ने इसे व्यंग्यात्मक ढंग से आज की पत्रकारिता पर तंज माना, तो कुछ ने इसे एक रचनात्मक प्रयोग बताया।
रामलीला समिति के डायरेक्टर जितेंद्र अग्रवाल ने कहा: “इस बार हमने रामायण के दृश्यों को नए अंदाज में दिखाने की कोशिश की, जिसमें समाज के अलग-अलग वर्गों को शामिल किया गया। पत्रकार नवल जी ने लक्ष्मण की भूमिका शानदार निभाई।”





















