


रूद्रपुर – सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर में छात्र संघ चुनाव के नामांकन के दौरान बुधवार को दो गुटों के बीच कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान एक गुट की ओर से हवाई फायरिंग की गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रजत बिष्ट और नागेन्द्र गंगवार के समर्थक कॉलेज गेट पर बड़ी संख्या में मौजूद थे। मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, दोनों गुटों में लात-घूंसे चले और इसी बीच एक गुट की ओर से हवाई फायरिंग कर दी गई।
फायरिंग की आवाज़ सुनते ही छात्र-छात्राओं में भगदड़ मच गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फायरिंग का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों गुटों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छात्र संघ चुनाव को लेकर पहले से ही तनावपूर्ण माहौल था और इस घटना ने छात्रों व अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है और चुनाव प्रक्रिया को शांति से संपन्न कराने के लिए पुलिस हर संभव कदम उठा रही है।





















