


– हिमांशु तिवारी, फिल्म एडिटर रुद्रपुर/हल्द्वानी – उत्तराखंड अब फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग के लिए तेजी से उभरता हुआ हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। यहाँ की नैसर्गिक खूबसूरती, शांत वातावरण और उभरती स्थानीय प्रतिभाएं लगातार फिल्म इंडस्ट्री को आकर्षित कर रही हैं। इसी क्रम में पांडे इंटरटेनमेंट्स एंड प्रोडक्शंस जिसके ओनर दीपक पांडे और ममता पांडे हैं, अपनी नई फिल्म, वेब सीरीज और शॉर्ट मूवीज़ की तैयारियों में जुटा है।
प्रोडक्शन हाउस ने हाल ही में रुद्रपुर के एमिनिटी पब्लिक स्कूल और हल्द्वानी के सेंट लॉरेंस पब्लिक स्कूल में भव्य ऑडिशन आयोजित किए। रुद्रपुर में 68 प्रतिभागियों और हल्द्वानी में 73 कलाकारों ने अपने हुनर का जलवा दिखाया। इन ऑडिशनों के दौरान प्रोडक्शन हाउस के निर्माता दीपक पांडे और ममता पांडे, फिल्म के लेखक-निर्देशक व अभिनेता अनुग्रह अग्निहोत्री, प्रज्वल पांडे और असिस्टेंट ऋषिका विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवा अद्भुत टैलेंट से भरपूर हैं, जिन्हें केवल सही मंच देने की आवश्यकता है। इस फिल्म के एक्सक्यूटिव प्रोड्यूसर मीडिया नाहिद खान हैं।

पांडे इंटरटेनमेंट्स एंड प्रोडक्शंस इससे पहले उत्तराखंड की मनमोहक वादियों में अपनी चर्चित फिल्म “दून एक्सप्रेस” की शूटिंग कर चुका है। यह फिल्म देहरादून, हल्द्वानी, भीमताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर जैसे खूबसूरत लोकेशनों पर फिल्माई गई है। फिल्म के लेखक, निर्देशक और अभिनेता अनुग्रह अग्निहोत्री हैं। फिल्म में बाल कलाकार रितिका शर्मा और उत्तराखंड की प्रतिभाशाली अभिनेत्री अंकिता परिहार ने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया।
फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि उत्तराखंड में लगातार हो रहे ऑडिशन और शूटिंग गतिविधियां प्रदेश के युवाओं के लिए सुनहरा मौका हैं। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा, दोनों मिलकर राज्य को आने वाले समय में फिल्म, शॉर्ट फिल्म और वेब सीरीज प्रोडक्शन का बड़ा केंद्र बना रही हैं।
दीपक पांडे ने जानकारी दी कि अगला बड़ा ऑडिशन अब देहरादून में 27 सितम्बर (शनिवार) को ग्राफिक एरा कैंपस में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। यहाँ नई प्रतिभाएं अपने हुनर का प्रदर्शन कर सकती हैं।
पांडे इंटरटेनमेंट्स एंड प्रोडक्शंस की यह पहल न केवल उत्तराखंड के कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का मार्ग प्रशस्त कर रही है, बल्कि यह भी साबित कर रही है कि आने वाले समय में उत्तराखंड भारतीय फिल्म उद्योग का महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है।























