


किच्छा – आगामी जिला पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच आज एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार हुआ जब वार्ड नंबर 17 से चुनाव लड़ रहीं निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार को ‘कप-प्लेट’ चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया। चिन्ह आवंटन के बाद रेनू गंगवार ने अपने जनसंपर्क अभियान को और अधिक सक्रिय कर दिया है।
रेनू गंगवार इन दिनों गांव-गांव जाकर डोर टू डोर वोटरों से संपर्क कर रही हैं और अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का ब्यौरा दे रही हैं। इसके साथ ही वह स्थानीय जनता से आशीर्वाद और समर्थन की अपील कर रही हैं। उनके समर्थन में कार्यकर्ता भी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नुक्कड़ सभाओं और बैठकें आयोजित कर रहे हैं।
नुक्कड़ सभाओं में हुआ जनसैलाब
रेनू गंगवार ने हाल ही में कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। इनमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। सभाओं में लोगों ने रेनू गंगवार का गर्मजोशी से स्वागत किया और अपनी समस्याओं को भी खुलकर उनके सामने रखा।
रेनू गंगवार का जनता के नाम संबोधन:
सभा के दौरान रेनू गंगवार ने कहा “मैं इस क्षेत्र की बेटी हूं, और आपके विश्वास ने मुझे इस मुकाम तक पहुंचाया है। हमारे परिवार ने बीते बीस वर्षों से इस क्षेत्र की सेवा की है। मैंने अपने कार्यकाल में न केवल अपने इलाके, बल्कि पूरे जिले में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। चाहे सड़क निर्माण हो, जल निकासी की व्यवस्था हो, महिला समूहों को स्वावलंबी बनाना हो या गरीबों को योजनाओं का लाभ दिलाना – हर मोर्चे पर हमने ईमानदारी से काम किया है। अब समय है इस विकास की गति को और तेज करने का। मैं आप सबसे हाथ जोड़कर निवेदन करती हूं कि एक बार फिर मुझे सेवा का अवसर दें। आपका एक-एक वोट इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाएगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि ‘कप-प्लेट’ सिर्फ एक चुनाव चिन्ह नहीं, बल्कि सेवा और आत्मीयता का प्रतीक है। उन्होंने हर मतदाता से अपील की कि वो भ्रम और अफवाहों से दूर रहकर सही व्यक्ति को चुनें – जो काम करने वाला हो, जनता के बीच रहने वाला हो। रेणु गंगवार ने शहदोरा, अलीनगर ओर अम्बेडकरनगर में जनसंपर्क किया और डोर टू डोर संपर्क किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद, जय प्रकाश, वीर पाल, लाल खा, मोबीन, सलीम, गुल्लू, आरिफ, मोहम्मद हुसैन, सलीम के साथ काफी संख्या में ग्रामीण भी थे।






















