

– पुरानी गल्ला मंडी रेलवे फाटक पर अंडरपास बनेगा।
– विधायक बेहड़ ने रेल मंत्री सहित रेलवे अधिकारियों को लिखे पत्र।
– जिलाधिकारी को भी मांग पत्र देकर की मुलाक़ात।
किच्छा – वर्षो से पुरानी गल्ला मंडी रेलवे क्रॉसिंग पर लग रहे जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिये विधायक तिलक राज बेहड़ अंडरपास बनवाकर इस समस्या से स्थाई हल कराने के लिये रेल मंत्री सहित रेलवे के उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। विधायक ने अंडरपास बनने वाले संभावित स्थल का भी निरीक्षण किया है।
आपको बता दे पुरानी गला मंडी में आज़ादी के बाद से सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को हाट लगती है। रेलवे क्रॉसिंग होने के कारण बाज़ार में जाम की स्थिति बन जाती है और आमजन को परेशानी होती है। नगर में आबादी बढ़ने से यह समस्या लगातार बढ़ रही है। अब विधायक इसका स्थाई समाधान कराने के लिये अंडरपास निर्माण करवाकर इस समस्या का समाधान करायेंगे।

विधायक बेहड़ ने 4 जून को स्थलीय निरीक्षण किया जहां से अंडरपास बन सकता है। इसके बाद उन्होंने रेलवे मंत्री अश्वनी वैष्णव, जिलाधिकारी नरेंद्र भदौरिया, मंडल रेल प्रबंधक बरेली, उपजिलाधिकारी किच्छा को पत्र लिख कर अंडरपास बनवाने की मांग की। साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाक़ात भी की।
विधायक ने जिलाधिकारी को रेलवे क्रॉसिंग से नगरवासियों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराते हुए बताया कि ”पुरानी गला मंडी में सनातन धर्म मंदिर, श्री गुरुसिंह सभा गुरुद्वारा साहिब, साईं मंदिर, बाल्मीकि मंदिर, रामलीला ग्राउंड तथा अन्य धार्मिक स्थल भी बने हुए है। जो आस्था के प्रतीक है,इसके दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पढता है। इसके अलावा धार्मिक संस्थाओं को धार्मिक आयोजन करने में रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लगने के कारण बहुत सी परेशानियो का सामना करना पड़ता है|”

विधायक तिलक राज बेहड़ ने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव सहित रेलवे अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा है कि ‘‘नगर में शहर के बीचो-बीच रेलवे लाइन बनी हुई है.जो कि देश की आजादी से पूर्व लखनऊ, बरेली, भोजीपुरा से होते हुए काठगोदाम तक जाती थी। बाद में इसे परिवर्तित कर बड़ी लाइन किया गया था। जिसके कारण ट्रेनों की संख्या बढ़ गई है। दिनभर में लगभग 15 ट्रेने रेलवे लाइन से होकर गुजरती हैं।”
इसके अलावा नगर पालिका द्वारा भी फाटक के पूरब की तरफ ही 6 एकड़ भूमि में ट्रचिंग ग्राउंड तथा गौशाला प्रस्तावित है। पालिका द्वारा भूमि खरीद ली गयी है और पालिका प्रशासन को पूरब के वार्डो का कूड़ा एकत्रित करने गाड़ियाँ भेजने में बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ता है गाड़ियाँ अक्सर जाम में फंस जाती है| फाटक पार पूरब की तरफ रह रहे लोगों को अमरजेंसी पड़ने पर समय पर कई बार एम्बुलेंस और फायर बिग्रेड भी नहीं पहुच पाती है और लोगो की जान-माल का जोखिम बना रहता है।
बेहड़ ने पत्र में कहा है कि जिस तरह से रेलवे विभाग ने पूरे देश के अंदर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लगने के कारण ओवर ब्रिज और अंडर पास बनाए जा रहे हैं, परंतु किच्छा शहर के अंदर से गुजरने वाली रेलवे लाइन के बारे में नहीं सोचा गया, विधायक ने सुझाव दिया है कि ”संजय पार्क से गल्ला मंडी तक अंडरपास बनने की संभावनाएं हैं| रेलवे विभाग द्वारा इसका सर्वे करके अंडरपास के लिये चयन करे। जिससे इस समस्या को स्थाई हल हो सके।”






















