
– इंडिया नज़र ब्यूरो नैनीताल – देश विदेश में पर्यटन नगरी के रूप में चर्चित उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल बीते दिनों एक 12 वर्षीय नाबालिग मासूम के साथ हुए दुराचार के बाद तनावपूर्ण ज़रूर हुआ था। लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इस घटना को लेकर लोगो में खासा रोष और आक्रोश था।
लेकिन पर्यटक नगरी के शांत वातावरण को अफवाहों से बचाने और शांति स्थापित करने के लिये पुलिस प्रशासन ने पैरामिलिट्री, पीएसी और पुलिस जवानो ने फ्लैग मार्च निकाला और असामाजिक तत्वों के साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठी सूचना फैलाने वाले तत्वों पर भी कड़ी नज़र रखने के निर्देश आईजी कुमाँऊ रिद्धिम अग्रवाल ने दिए है।

उन्होंने कहा है कि पुलिस सभी सोशल मीडिया ग्रुप पर नज़र बनाये हुए है, यदि किसी ने भी सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाई तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा यह भ्रामक सूचना फैलाई जा रही थी कि नैनीताल पर्यटकों के लिए सुरक्षित नहीं है और होटल बुकिंग रद्द की जा रही हैं।
इस मामले में आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने कहा है कि नैनीताल, कैंची धाम समेत समूचा कुमाऊं क्षेत्र देसी और विदेशी सैलानियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। किसी तरह की अफवाहों में न आये। साथ ही उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि वे बेझिझक नैनीताल और अन्य पर्यटन स्थलों पर अपनी छुट्टियों का आनंद लें।

आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य है और सभी ड्यूटी पॉइंट्स पर पुलिस बल तैनात है। साथ ही उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि अगर कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर नैनीताल की घटना से जुड़ी भ्रामक या अफवाह पूर्ण कोई पोस्ट करता है या साझा करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की किसी को भी इज़ाज़त नहीं दी जायेगी। नैनीताल के निकटवर्ती हल्द्वानी में भी सुरक्षा की दृष्टि से फ्लैग मार्च निकाला गया।
फिलहाल नैनीताल और हल्द्वानी की स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है, इसके साथ ही अन्य पर्यटक स्थल भी पूरी तरह सामान्य है। होटलो और गेस्ट हाउस की बुकिंग भी जारी है, सभी पर्यटक स्थलों पर पुलिस की सुरक्षा है।





















