
– इंडिया नज़र ब्यूरोनई दिल्ली – नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय नागर किंजरापु राम मोहन नायडू को पत्र लिखकर उनसे पंतनगर एयरपोर्ट से देहरादून, जयपुर, लखनऊ और वाराणसी की उड़ानें पुनः प्रारम्भ करने की मांग की है।
पत्र में सांसद श्री भट्ट ने लिखा है कि उत्तराखण्ड राज्य में यातायात की सुगमता एवं सम्पर्क सुविधा बढ़ाने के लिए पंतनगर हवाई अड्डे से देहरादून, जयपुर, लखनऊ और वाराणसी के लिए पूर्व में संचालित उड़ानों को पुनः प्रारम्भ किया जाना अति आवश्यक है। देहरादून और पंतनगर के बीच उड़ान योजना के अन्तर्गत हवाई यात्रा स्वीकृत थी, जो 3 साल के बाद अचानक बन्द कर दी गई थी। देहरादून, उत्तराखंड की राजधानी है और पंतनगर हवाई अड्डे से कुछ किलोमीटर की दूरी पर उत्तराखंड का हाईकोर्ट भी स्थित है। देहरादून हवाई अड्डे से चारधाम के यात्री अत्यधिक संख्या में यात्रा करते है।

पत्र में सांसद ने लिखा है कि पंतनगर हवाई अड्डे से नीम करोली महाराज का आश्रम, पूर्णागिरी धाम, अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, सूर्य मंदिर कटारमल तथा योगी कथामृत में लिखी गई गुफा पाण्डुखोली (कुकुछीना), कौसानी/पिण्डारी ग्लेशियर / मिलम ग्लेशियर / आदि कैलाश (पिथौरागढ़) आदि दो देशो की सरहदों पर स्थित गुंजी, कुट्टी, नाभी, रोंगकोंग, नपलच्यू गर्थ्यांग, बूंदी, जोलिंगकोंग, ओम पर्वत जैसे पर्यटक स्थल स्थित है। पंतनगर के पास ही विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट टाईगर रिजर्व भी है। उपरोक्त पर्यटक स्थलों में तीथयात्री/पर्यटकों की बहुतायत में आवाजाही होती रहती है।
देहरादून और रूद्रपुर (पंतनगर हवाई अड्डा) उत्तराखंड के दो प्रमुख शहर हैं और इनके बीच सीधी उड़ानों की काफी मांग है। उद्योग जगत में कार्य करने वाले लोग एवं राजधानी तथा उच्च न्यायालय आने-जाने वाले लोग इन शहरो के बीच निरन्तर यात्रा करते है।
इसके अलावा जयपुर, लखनऊ और वाराणसी के लिए सीधी उड़ानें पहले से ही चालू थी और इन्हें अत्यधिक सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। इन उड़ानों को फिर से शुरू करने के लिए यात्रियों की लगातार मांग उन्हें फिर से शुरू करने को और भी उचित ठहराती है।
पिछले दो वर्षों में पंतनगर हवाई अड्डे पर प्रति वर्ष यात्रियों की संख्या 1 लाख से अधिक हो गई है, जो इस क्षेत्र से हवाई यात्रा की आवश्यकताओं में लगातार वृद्धि को दर्शाता है।
श्री भट्ट ने केंद्रीय मंत्री से जनहित में यथाशीघ्र पंतनगर हवाई अड्डे से देहरादून, जयपुर, लखनऊ और वाराणसी के लिए उड़ानों को पुनः प्रारम्भ किये जाने की मांग की है।





















