काशीपुर :उत्तराखंड का निकाय चुनाव हर गुजरते दिन के साथ दिलचस्प होता जा रहा है। खासकर काशीपुर में, जहां पार्षद की सीट पर ऐसा सियासी नजारा देखने को मिल रहा है, जिसने लोगों को चौंका दिया है।
वार्ड नंबर 39 से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी अनीता कंबोज ‘फूल’ चुनाव चिन्ह के साथ मैदान में हैं। वहीं, वार्ड नंबर 36 से उनके पति विपिन कंबोज ‘बस’ चुनाव चिन्ह पर ताल ठोक रहे हैं। इन दोनों वार्डों के बीच बस कुछ कदमों की दूरी है, लेकिन सियासत में इस दूरी ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
जनता के बीच चर्चा है कि विपिन कंबोज का यह कदम भाजपा की रणनीति पर सवाल खड़े कर रहा है। क्या यह पार्टी को जिताने की कोशिश है या हराने की? अगर भाजपा के प्रति वफादारी है, तो विपिन कंबोज वार्ड 36 से बस चुनाव चिन्ह पर क्यों चुनाव लड़ रहे हैं?
सवाल यह भी है कि क्या विपिन कंबोज को वाकई कुर्सी का लालच है, या यह भाजपा प्रत्याशी मनोज कंबोज से उनकी निजी नाराजगी का नतीजा है। सियासी गलियारों में यह बहस तेज हो गई है कि यह रणनीति भाजपा की ताकत को मजबूत करेगी या कमजोर।
काशीपुर के इन वार्डों में चुनाव अब जनता के फैसले का इंतजार कर रहा है। जनता यह तय करेगी कि यह लड़ाई सच्चाई और पार्टी के प्रति वफादारी की है या निजी स्वार्थों और कुर्सी की चाहत की।
क्या काशीपुर की राजनीति में यह सियासी उलटफेर भाजपा के लिए चुनौती बनेगा या नई दिशा तय करेगा? इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।





















