

– इंडिया नज़र ब्यूरोरूद्रपुर – भाजपा मेयर प्रत्याशी विकास शर्मा ने नगर निगम क्षेत्र वार्ड नंबर 31 में पार्षद प्रत्याशी पूजा मुंजाल के कार्यालय का फीता काटकर उदघाटन किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों से आगामी 23 जनवरी को वार्ड में कमल खिलाने का आहवान किया।
भाजपा मेयर प्रत्याशी विकास शर्मा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा की आंधी में कांग्रेस ताश के पत्तों की तरह बिखरने लगी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सभी वार्डों में इस इस बार कमल खिलने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार के विकास कार्य उनकी जीत का आधार बनेंगे। भाजपा प्रत्याशी ने वार्डवासियों का आहवान करते हुए कहा कि नगर निगम का चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं बल्कि यह चुनाव रूद्रपुर के भविष्य का चुनाव है, रूद्रपुर नगर निगम में ट्रिपल इंजन की सरकार ही विकास कार्यों को तेजी से पूरा कर सकती है। वार्ड में भी विकास कार्य तभी तेज होंगे जब वार्ड का पार्षद भी भाजपा का होगा। उन्होंने वायदा किया कि मेयर बनने के बाद विकास कार्योंं को जनता की भावनाओं के अनुरूप पूरा कराया जायेगा। हर वार्ड में विकास की बयार बहेगी। कार्यालय उदघाटन के पश्चात भाजपा प्रत्याशी ने वार्ड में घर घर जनसंपर्क भी किया।
























